इंजीनियर्स डे पर जीबीपीआईईटी में दिखा तकनीकी हुनर

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 15 सितंबर (हि.स.)। इंजीनियर्स डे के अवसर पर गोविंद बल्लभ पंत इंजीनियरिंग कॉलेज (जीबीपीआईईटी) पौड़ी में मंगलवार को विद्यार्थियों की तकनीकी प्रतिभा, नवाचार और रचनात्मकता का प्रदर्शन होगा। छात्र गतिविधि प्रकोष्ठ और मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के अंतर्गत संचालित एसएई जीबीपीआईईटी की ओर से विभिन्न तकनीकी, नवाचार और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

आयोजन का मुख्य आकर्षण ‘वॉटर रॉकेट 4.0 चुनौती’ रहेगा। इसमें विद्यार्थी पानी से चलने वाले रॉकेट तैयार कर उनके सफल प्रक्षेपण की चुनौती में प्रतिभाग करेंगे। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को डिजाइन, निर्माण, परीक्षण और समस्या समाधान जैसे इंजीनियरिंग के व्यावहारिक पहलुओं को प्रयोग के जरिए समझने का अवसर मिलेगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।

इसके अलावा ‘विचार मंथन’ के तहत यूनिअलर्ट, कैंपस साइकिल, यूनिफाइड, डेवडायनेस्टी, माउंटेन्स प्रोडक्ट्स, फूडटेक इनोवेटर्स, इग्नाइटेड माइंड्स, एस-स्क्वायर और उर्वी सहित विभिन्न टीमें अपने नवाचार और विचार प्रस्तुत करेंगी। महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में नवाचार प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जबकि वॉटर रॉकेट गतिविधि प्रेक्षागृह मैदान में होगी। विद्यार्थियों के मनोरंजन के लिए हार्मनी बैंड और एक्स बैंड की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।

संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) वीके बंगा ने विद्यार्थियों को इंजीनियर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इंजीनियरिंग केवल तकनीकी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि ज्ञान को नवाचार और वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान में बदलने की क्षमता भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रयोगधर्मिता, रचनात्मकता और नवाचार के माध्यम से अपनी क्षमताओं को विकसित करने का आह्वान किया।

मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. केकेएस मेर ने कहा कि एसएई जीबीपीआईईटी विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित तकनीकी ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने के अवसर उपलब्ध करा रहा है। वॉटर रॉकेट जैसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में डिजाइन, निर्माण, परीक्षण और समस्या समाधान की व्यावहारिक समझ विकसित होती है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story