इंजीनियरिंग विद्यार्थियों को बताए करियर और रोजगार के अवसर

WhatsApp Channel Join Now
इंजीनियरिंग विद्यार्थियों को बताए करियर और रोजगार के अवसर


पौड़ी गढ़वाल, 12 अक्टूबर (हि.स.)। तकनीकी शिक्षा के बाद बेहतर रोजगार पाने के लिए केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक अनुभव, तकनीकी दक्षता और कौशल प्रमाणन भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज, घुड़दौड़ी में करियर परामर्श एवं प्रेरणा वार्ता आयोजित की गई। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जिला प्रशासन और क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, लैंसडाउन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 185 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।

‘भविष्य के लिए तैयार इंजीनियर: करियर, कौशल, नवाचार एवं अवसर’ विषय पर आयोजित कार्यशाला में विद्यार्थियों को सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार, उच्च शिक्षा, शोध, स्टार्टअप, उद्यमिता और स्वरोजगार की संभावनाओं से रूबरू कराया गया। साथ ही प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, स्किल इंडिया, राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रोत्साहन योजना, डिजिटल इंडिया, पीएम विश्वकर्मा और एमएसएमई से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को योजनाओं की पात्रता, लाभ, आवेदन प्रक्रिया और संबंधित विभागों से संपर्क करने के तरीकों के बारे में भी बताया गया।

विशेषज्ञों ने कहा कि बदलती तकनीकी जरूरतों के बीच युवाओं के लिए अपनी दक्षता को लगातार बेहतर बनाना जरूरी है। व्यावहारिक अनुभव और कौशल विकास के जरिए रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाया जा सकता है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप करियर का चयन करने के साथ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार एवं आजीविका के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को करियर के विभिन्न विकल्पों और रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी देना है, ताकि वे अपनी दक्षता बढ़ाकर बेहतर अवसर हासिल कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से उपलब्ध संसाधनों का लाभ उठाने और भविष्य की जरूरतों के अनुसार खुद को तैयार करने का आह्वान किया।

करियर काउंसलर एवं अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत काला ने विद्यार्थियों को रुचि, क्षमता और योग्यता के आधार पर करियर की दिशा तय करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन, तकनीकी दक्षता और समय पर लिए गए निर्णय लक्ष्य हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यशाला में गोविंद बल्लभ पंत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के कार्यकारी निदेशक डॉ. केएस मायर, डॉ. केएस भाटिया, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रीति डिमरी, जिला उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक विजेंद्र सिंह एवं नीरज नेगी, अग्रणी जिला प्रबंधक किशन रावत, नाबार्ड के प्रबंधक हिमांक शर्मा सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759482 Articles

Share this story