आरटीआई अपील के बाद नैनीताल के निजी विद्यालयों में पीटीए गठन सुनिश्चित करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

नैनीताल, 12 जुलाई (हि.स.)। जनपद नैनीताल के निजी विद्यालयों में पीटीए यानी शिक्षक-अभिभावक संघ का गठन सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। यह कार्रवाई नैनीताल पैरेंट्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (एनपीसीडब्ल्यूए) के अध्यक्ष मनीष कुमार द्वारा दायर सूचना के अधिकार (आरटीआई) आवेदन एवं प्रथम अपील के बाद की गई है। अपीलीय अधिकारी ने पाया कि जनपद के कई निजी विद्यालयों में पीटीए का गठन नहीं किया गया है।

इसके बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी को सभी सीबीएसई, आईसीएसई, उत्तराखंड बोर्ड एवं अन्य मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में नियमानुसार पीटीए का गठन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही लोक सूचना अधिकारी को विद्यालयों से संबंधित सूचनाएं प्राप्त कर आवेदक को निःशुल्क उपलब्ध कराने का आदेश भी दिया गया है।

एनपीसीडब्ल्यूए अध्यक्ष मनीष कुमार ने कहा कि शिक्षा विभाग के पूर्व जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक विद्यालय में गठित पीटीए के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के नाम, पता और मोबाइल नंबर विद्यालय के सूचना पट पर प्रदर्शित करना अनिवार्य है।

विद्यालयों को नियमित रूप से पीटीए की बैठकें आयोजित कर अभिभावकों को विद्यालय के महत्वपूर्ण निर्णयों में सहभागी बनाना भी आवश्यक है। यह आदेश विद्यालय प्रबंधन में अभिभावकों की भागीदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने शिक्षा विभाग से सभी निजी विद्यालयों में पीटीए गठन, सूचना पट पर सूची प्रदर्शित कराने तथा समय-समय पर इसकी निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story