आरएसएस के नीलकंठ खंड कार्यवाह अलकेश से मिले पद्मश्री सुदर्शन व डॉ. प्रदीप

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 06 अगस्त (हि.स.)।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नीलकंठ खंड कार्यवाह अलकेश कुकरेती से भेंट एवं यमकेश्वर क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विकास पर चर्चा करने के लिए विश्व प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट एवं पद्मश्री सम्मानित सुदर्शन पटनायक तथा विश्व प्रसिद्ध हेयर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. प्रदीप सेठी निजी प्रवास पर यमकेश्वर ब्लॉक के ग्राम मागथा पहुंचे।

प्रवास के दौरान दोनों विशिष्ट अतिथियों ने अलकेश कुकरेती के साथ क्षेत्र के विकास, पर्यटन की संभावनाओं, सांस्कृतिक विरासत एवं संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इसके बाद उन्होंने ग्राम मागथा, तिलधारखाल एवं अट्टटा का भ्रमण कर क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण, गढ़वाली संस्कृति तथा पारंपरिक ऑर्गेनिक भोजन की मुक्तकंठ से सराहना की।

अलकेश कुकरेती ने अतिथियों का पारंपरिक स्वागत करते हुए उन्हें यमकेश्वर की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से अवगत कराया। इस अवसर पर पद्मश्री सुदर्शन पटनायक ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति, प्रकृति और लोक परंपराएं देश की अमूल्य धरोहर हैं तथा यमकेश्वर जैसे क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से अपार संभावनाएं रखते हैं।

पद्मश्री सुदर्शन पटनायक विश्व के 60 से अधिक देशों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जबकि डॉ. प्रदीप सेठी हेयर ट्रांसप्लांट के क्षेत्र में विश्व स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके हैं। दोनों अतिथियों ने अलकेश कुकरेती द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर नीरज कुकरेती, सुशील कुकरेती, अनिल रावत, सुभाष जुगलान, धीरेंद्र कुकरेती सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story