अशासकीय स्कूलों के शिक्षकों को वेतन न मिलने पर संघ ने जताया आक्रोश
नई टिहरी, 03 नवंबर (हि.स.)। अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड की बैठक में प्रांतीय अध्यख अनिल नौटियाल ने अशासकीय जूनियर हाईस्कूलों का वेतन बजट अभी तक स्वीकृत न होने व संबंधित विद्यालयों के प्रति सरकार, शासन व विभाग के लचर रवैये की कड़ी निंदा की गई।
मंगलवार को वर्चुअल बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष नौटियाल और महामंत्री महादेव मैठाणी ने कहा कि अशासकीय जूनियर हाईस्कूलों में कई जिलों में गत तीन माह से वेतन नहीं मिला है। जबकि बजट की मांग निदेशालय और शासन को भेज दी गई थी। शासन की लापरवाही से वेतन बजट की पत्रावली विभिन्न स्तर पर लंबित है।
संगठन ने डीजी को भी इस बाबत पत्र भेजा था। जिसमें 5 नवम्बर तक वेतन बजट स्वीकृत न होने पर 6 नवम्बर को धनतेरस के दिन निदेशालय पर धरने का ऐलान किया गया था। लेकिन अभी तक बजट स्वीकृत नहीं हो पाया है। जिससे कर्मचारियों की दीपावली फीकी रह सकती है।
उन्होंने कहा कि उक्त तिथि तक निर्णय नहीं हुआ तो सभी जिलों के पदाधिकारी, प्रांतीय पदाधिकारी व शिक्षक कर्मचारी 6 नवम्बर को निदेशालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर प्रांतीय सरंक्षक संजय बिजल्वाण, मंडलीय अध्यक्ष शिव सिंह रावत, विशन मेहता, बाल मनोज रावत, महेंद्र सिंह मेहरा, दिनेश डोबरियाल, महावीर मेहता, गिरीश सेमवाल, शिव सिंह रावत, नवीन बडोनी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

