अमित शाह के समक्ष ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति देंगे भातखंडे के विद्यार्थी

WhatsApp Channel Join Now
अमित शाह के समक्ष ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति देंगे भातखंडे के विद्यार्थी


- 6 नवंबर के कार्यक्रम के लिए संस्कृति विभाग के समन्वय में चल रही विशेष तैयारी

देहरादून, 04 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छह नवंबर को प्रस्तावित देहरादून दौरे के दौरान भातखंडे हिंदुस्तानी संगीत महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं सामूहिक रूप से देशभक्ति गीत ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति देंगे। इस विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए उत्तराखंड संस्कृति विभाग के समन्वय में महाविद्यालय के विद्यार्थी और शिक्षक तैयारियों में जुटे हैं।

महाविद्यालय के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अपनी संगीत प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इसके लिए महाविद्यालय में नियमित अभ्यास सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। संगीत शिक्षक विद्यार्थियों को गीत के सुर, ताल, लय, उच्चारण और सामूहिक गायन का अभ्यास करा रहे हैं।

प्रस्तुति को प्रभावशाली बनाने के लिए विद्यार्थियों की आवाज के सामंजस्य और समूह के बीच तालमेल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विद्यार्थी पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ रिहर्सल कर रहे हैं।

संस्कृति विभाग इस आयोजन के समन्वय और प्रस्तुति की तैयारियों में सहयोग कर रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी संगीत शिक्षा और अभ्यास को बड़े सार्वजनिक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। साथ ही उत्तराखंड की युवा संगीत प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का भी मौका मिलेगा। छह नवंबर को होने वाली इस प्रस्तुति में विद्यार्थी सामूहिक गायन के माध्यम से देशभक्ति और राष्ट्रभावना का संदेश देंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772457 Articles

Share this story