अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुमाऊं विश्वविद्यालय की शोधार्थी मनीषा को एसीएस एग्रो जर्नी अवार्ड

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुमाऊं विश्वविद्यालय की शोधार्थी मनीषा को एसीएस एग्रो जर्नी अवार्ड


अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुमाऊं विश्वविद्यालय की शोधार्थी मनीषा को एसीएस एग्रो जर्नी अवार्ड


नैनीताल, 01 सितंबर (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर नैनीताल के रसायन विज्ञान विभाग की शोधार्थी मनीषा जोशी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। उन्हें अमेरिकन केमिकल सोसाइटी के एसीएस एग्रो डिवीजन की ओर से वर्ष 2026 का प्रतिष्ठित एसीएस एग्रो जर्नी अवार्ड प्रदान किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2026 में यह पुरस्कार विश्वभर से केवल दो शोधार्थियों को प्रदान किया गया, जिनमें भारत से मनीषा जोशी का चयन हुआ। पुरस्कार के साथ उन्हें 2,000 अमेरिकी डॉलर की राशि और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। उनकी इस उपलब्धि को रसायन विज्ञान के क्षेत्र में किए जा रहे शोध कार्य की अंतरराष्ट्रीय पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

मनीषा जोशी ने 23 से 27 अगस्त तक अमेरिका के शिकागो में आयोजित एसीएस फॉल 2026 नेशनल मीटिंग में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने शिकागो में अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक समुदाय के समक्ष अपना शोध “थाइमस लिनेरिस बेंथ. एसेंशियल ऑयल ऐज अ नेचुरल एंटीबैक्टीरियल एजेंट फॉर सस्टेनेबल क्रॉप प्रोटेक्शन” विषय पर प्रस्तुत किया। शोध में थाइमस लिनेरिस के आवश्यक तेल के जीवाणुरोधी गुणों का अध्ययन किया गया और टिकाऊ फसल संरक्षण में इसके संभावित उपयोग को सामने रखा गया।

इसमें प्राकृतिक स्रोत से प्राप्त आवश्यक तेल को फसल संरक्षण के लिए संभावित पर्यावरण-अनुकूल विकल्प के रूप में रेखांकित किया गया है। मनीषा कुमाऊं विवि के रसायन विज्ञान विभाग में प्रो. गीता तिवारी के निर्देशन में शोध कार्य कर रही हैं। उनका शोध प्राकृतिक उत्पाद रसायन, फाइटोकेमिस्ट्री, जैव-सक्रिय प्राकृतिक यौगिकों और हरित रसायन विज्ञान से संबंधित है। उनके शोध में प्राकृतिक स्रोतों से प्राप्त रासायनिक घटकों के वैज्ञानिक अध्ययन तथा उनके संभावित अनुप्रयोगों पर कार्य किया जा रहा है।

मनीषा ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और शोध निर्देशक प्रो. गीता तिवारी को दिया। उन्होंने शिकागो में डॉ. प्रवीण दुबे के विशेष मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और निरंतर सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया। मनीषा की उपलब्धि पर रसायन विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. एनजी साहू, पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. चित्रा पांडे, वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, डॉ. शिवांगी, डॉ. गिरिश सी. खर्कवाल, आयशा, श्रेया और अंकिता ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story