अंकिता भंडारी के माता-पिता की गिरफ्तारी पर भड़के कांग्रेस कार्यकर्ता
नई टिहरी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के इंडिया गेट पर धरना दे रहे स्व. अंकिता भंडारी के परिजनों को गिरफ्तार किए जाने का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध किया है। कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित नाम आने पर भाजपा के तत्कालीन प्रभारी दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाकर भाजपा सरकार ने महिला विरोधी सोच प्रदर्शित की है।
उन्होंने तत्काल गौतम को राज्यपाल जैसे पद से हटाने की मांग की। वीरवार को पत्रकार वार्ता करते हुए कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विजय गुनसोला, शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार, नरेंद्र रमोला ने कहा कि दिल्ली में बेटी इंसाफ और मामले में आरोपित दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाने के खिलाफ धरना दे रहे अंकिता के माता-पिता को दिल्ली पुलिस ने सुबह 4 बजे गिरफ्तार किया।
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित पूरी कांग्रेस पार्टी ने उन्हें समर्थन दिया, लेकिन भाजपा सरकार बजाए निष्पक्ष जांच के आरोपियों को माननीय बना रही है। इस मौके पर गब्बर सिंह रावत, सोबन कुमाईं, वीरेंद्र दत्त, इमरान खान, राकेश पेटवाल मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

