नौगांवखाल में युवा कांग्रेस ने भाजपा की नीतियों के खिलाफ आंदोलन की बनाई रणनीति
पौड़ी गढ़वाल, 24 अगस्त (हि.स.)।चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में युवा कांग्रेस को संगठनात्मक रूप से मजबूत करने और आगामी गतिविधियों की रणनीति तैयार करने को लेकर सोमवार को नौगांवखाल में विधानसभा स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष गौरव सागर ने की। इस दौरान संगठन के विस्तार, विधानसभा कार्यकारिणी के गठन तथा भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में युवा कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया। साथ ही आगामी दिनों में संगठन की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाने को लेकर भी रणनीति तय की गई।
जिलाध्यक्ष गौरव सागर ने कहा कि युवा कांग्रेस को जिलेभर में मजबूत करने का अभियान लगातार चल रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं में संगठन के प्रति उत्साह बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस से जुड़ने के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राजपाल बिष्ट ने भी कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत बनाने और जनता के बीच सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में विधानसभा अध्यक्ष विमल कोहली, अमन बोड़ाई, संतोष सिंह रावत, सुदर्शन रमोला, विकास रावत, रोहित रमोला, ऋतिक नेगी, कल्याण रावत, लविश नेगी सहित युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

