होटल में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी, प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
होटल में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी, प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की आशंका


हरिद्वार, 29 मई (हि.स.)। जनपद के रूड़की के डबल फाटक स्थित एक होटल में युवक और युवती के शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शुक्रवार दोपहर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के मुताबिक डबल फाटक स्थित आर्यन होटल में गुरुवार शाम युवक और युवती ने कमरा बुक कराया था। शुक्रवार सुबह होटल कर्मचारी सफाई के लिए पहुंचा, लेकिन कमरे का दरवाजा नहीं खुला। दोपहर 12 बजे चेकआउट समय होने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिस पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने दूसरी चाबी से कमरा खोला तो दोनों अचेत अवस्था में पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में कीटनाशक पदार्थ सेवन की आशंका जताई जा रही है।

मृतक युवक की पहचान सागर निवासी नाथुखेड़ी के रूप में हुई है, जबकि युवती लंढौरा क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था और पारिवारिक असहमति के चलते आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।

इस मामले में सिविल लाइंस कोतवाली के एसएसआई धर्मेंद्र राठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story