शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, ब्लैकमेल भी किया, छह पर मुकदमा
नैनीताल, 26 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली निवासी एक युवती ने मल्लीताल कोतवाली पुलिस में बाराबंकी निवासी युवक सहित छह लोगों के विरुद्ध शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, ब्लैकमेल, दहेज की मांग एवं अन्य आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मल्लीताल कोतवाली पुलिस के अनुसार युवती ने शिकायत में कहा है कि उसकी मुलाकात एक मैट्रिमोनियल यानी शादी कराने वाली वेबसाइट के माध्यम से बाराबंकी निवासी शुभम वाजपेयी से हुई थी। आरोप है कि जुलाई 2025 में युवक उसे कैंची धाम और नैनीताल घुमाने लाया। इस दौरान नैनीताल में ठहरने के दौरान नशीला पदार्थ पिलाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध उससे शारीरिक संबंध बनाए गए। विरोध करने पर आरोपित ने विवाह का आश्वासन दिया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में आरोपित ने पीड़िता के अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी दी तथा इसी आधार पर युवती को लगातार ब्लैकमेल करता रहा। युवती का कहना है कि उदयपुर यात्रा के दौरान भी उसके अश्लील फोटो और वीडियो बनाए गए।
युवती ने शुभम के माता-पिता तथा अन्य परिजनों पर भी शादी का भरोसा देने और बाद में 50 लाख रुपये दहेज की मांग करने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाह से इनकार कर दिया गया।
कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर शुभम वाजपेयी, उसके माता-पिता, बहन, जीजा तथा एक अन्य व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 69, 74, 75, 115(2) एवं 3(5) के तहत अभियोग दर्ज कर लिया गया है। आगे शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है तथा जांच में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

