सीएससी केंद्रों और मोबाइल एप से भी उठा सकते हैं योजनाओं का लाभ

WhatsApp Channel Join Now

नई टिहरी, 22 अगस्त (हि.स.)। जिला श्रम प्रवर्तन अधिकारी आईशा ने बताया कि विभाग में प्राप्त होने वाली विभिन्न आर्थिक सहायता संबंधी सेवाओं सहित आवेदन संबंधी कार्य वर्तमान में जिला मुख्यालय नई टिहरी में संचालित किए जा रहे हैं। जन सुविधा को देखते हुए डीएम नितिका खंडेलवाल के निर्देश पर कार्यालय के शिफ्टिंग सहित इसके व्यवस्थित किए जाने का कार्य चल रहा है।

श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि विभागीय कार्यालय के शिफ्टिंग के कारण एक सप्ताह तक विभागीय सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध होने में दिक्कतें आ सकती है। ऐसे में लाभार्थी बेवजह कार्यालय के चक्कर न काटें। विभागीय कार्य व्यवस्थित होने के बाद आर्थिक सहायता संबंधी सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी। बताया कि वर्तमान में विवाहोपरांत आर्थिक सहायता के कुल 180 आवेदन विभाग को मिले हैं। इनमें से 175 आवेदनों को संस्तुति सहित अग्रसारित किया जा चुका है, जबकि 5 आवेदनों पर आपत्ति दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त मृत्योपरांत आर्थिक सहायता के 2 आवेदन मिले हैं। उन्होंने लाभार्थियों से विभागीय कार्यप्रणाली में सहयोग करने तथा कार्यालय की व्यवस्थाएं सामान्य होने तक धैर्य बनाए रखने की अपील की है।

आईशा ने बताया कि प्रशासन की ओर से चिन्हित सीएससी (जन सुविधा केंद्र) सेंटरों पर भी पंजीकरण और अन्य विभागीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ऐसे में संबंधित ब्लॉक के लोग सीएससी केंद्रों पर जाकर भी विभागीय योजनाओं का लाभ उठा सके हैं। बताया कि मनरेगा में श्रमिक द्वारा 90 दिनों के कार्य का प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए जाने पर बीडीओ के माध्यम से पंजीकरण/नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। ब्लॉक एवं न्याय पंचायत स्तर पर विभाग शिविरों का आयोजन भी किया जा रहा है। वहीं श्रमिक मोबाइल एप के माध्यम से स्वयं भी अपना पंजीकरण एवं नवीनीकरण कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story