आईटीबीपी को मुर्गियों और बकरियों की आपूर्ति कर महिला समूहों ने कमाए 2.25 लाख रुपये
पिथौरागढ़, 20 जून (हि.स.)। ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के तहत सीमांत क्षेत्र की महिला स्वयं सहायता समूहों ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) को मुर्गियों और बकरियों की आपूर्ति की है।
विकासखंड मूनाकोट की महिला उद्यमियों और पशुपालकों ने शनिवार को 14वीं वाहिनी आईटीबीपी मुख्यालय जाजरदेवल को मुर्गियों और बकरा-बकरी की आपूर्ति कर 2.25 लाख रुपये से अधिक का कारोबार किया।
परियोजना अधिकारियों के अनुसार देवतपुर स्थित महिला उत्थान स्वयं सहायता समूह की सदस्य मंजू देवी ने जय माता दी सीएलएफ लेलू के माध्यम से 520 किलोग्राम मुर्गियों की आपूर्ति की। 125 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से हुई इस आपूर्ति से 65 हजार रुपये का व्यवसाय प्राप्त हुआ।
वहीं मां भगवती सीएलएफ और संघर्ष सीएलएफ ने संयुक्त रूप से 495 किलोग्राम बकरा-बकरी की आपूर्ति की। 324 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से हुई बिक्री से करीब 1.60 लाख रुपये का कारोबार हुआ। इस कार्य में चार स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी सात महिला पशुपालकों ने भागीदारी की।
परियोजना से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से महिलाओं की आय बढ़ने के साथ ही सीमांत क्षेत्रों में पशुपालन आधारित उद्यमिता और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

