महिला समूह काे दिया वित्तीय समावेशन का प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
महिला समूह काे दिया वित्तीय समावेशन का प्रशिक्षण


नई टिहरी, 25 अगस्त (हि.स.)। भारतीय स्टेट बैंक के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) नई टिहरी में छह दिवसीय वित्तीय समावेशन प्रशिक्षण का मंगलवार को समापन हो गया। प्रशिक्षण में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित जिलेभर के स्वयं सहायता समूहों के 23 सदस्यों ने प्रतिभाग किया।

समापन अवसर पर उन्हें प्रमाणपत्र और टूल किट दिए गए। परियोजना निदेशक डीआरडीए व प्रशिक्षु आईएएस ज्योति ने कहा कि कौशल विकास के लिए यह प्रशिक्षण महत्वपूर्ण साबित होगा। कहा कि महिलाएं समाज की आर्थिकी की रीढ़ हैं। जिस तरह से सरकार महिलाओं को फोकस में रखकर योजनाएं बना रही हैं, निश्चित ही उन्हें इसका लाभ उठाना चाहिए। आरसेटी निदेशक दीपक कोठियाल ने प्रशिक्षणार्थियों को स्मार्ट बचत, परिपक्वता पूर्ण ऋण, बुद्धिमतापूर्ण व्यय, सामाजिक सुरक्षा, बीमा एवं निवेश सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं का बेहतर उपयोग करने, आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के बारे में भी अवगत कराया। इस मौके पर उपासक के ग्रामीण वित्त समन्वयक चन्द्र प्रकाश डंगवाल, संजीव नेगी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story