नेपाल से आई महिलाओं ने हर की पैड़ी पर प्रज्वलित की 3 करोड़ 25 लाख बत्तियां
हरिद्वार, 16 मार्च (हि.स.)। विश्व विख्यात कथा वाचक विजय कौशल महाराज के शिष्य सुप्रसिद्व कथा वाचक पवन नन्दन शास्त्री व विष्णु प्रसाद के सानिध्य में गुरुवार शाम गंगा आरती के पश्चात नेपाल से आई 300 महिला श्रद्धालुओं ने दीपक में बतियां जलाई।
कथा वाचक पवन नन्दन शास्त्री ने बताया कि इन महिलाओं ने रजो निवृति दोष निवारण के लिए गंगा तट पर सवा लाख तेल की बतियां जलाईं। उन्होंने बताया कि वामन पुराण के रेवा खण्ड में इसका वर्णन दिया गया है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार गंगा घाट पर अपने हाथ से बनाई हुई सवा लाख बतियां जलाने से रजो निवृति दोष का निवारण होता है। इसी मान्यता के अनुसार नेपाल में बड़ी संख्या में महिलाएं अपने हाथ से रुई की बतियां बनाकर लाई और आज सामूहिक रूप से हरकी पैड़ी पर इन्हें प्रज्ज्वलित किया। प्रत्येक महिला ने सवा लाख बतियां ज्योतित कीं। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व 2012 में भी नेपाल की 200 महिलाओं द्वारा बतियां जलाई गई थी। पर्यावरण व स्वच्छता का ध्यान रखते हुए इस बार बांस से बने दीपक में बतियां जलाई जा रही है जो की बत्तियों के साथ ही जल जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीकांत
हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्वाइन करने के लिये यहां क्लिक करें, साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लिये यहां क्लिक करें।