पेड में लटका मिला महिला का शव जांच में जुटी पुलिस
नई टिहरी, 15 नवंबर (हि.स.)। टिहरी के छाम- कंडीसौड थाना क्षेत्रांतर्गत बाण्डा गांव में 34 बर्षीय महिला का शव गांव के पास पेड़ से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
थाना छाम के उपनिरीक्षक मनवीर सिंह ने बताया कि दोपहर में बाण्डा गांव के ग्राम प्रहरी ने दूरभाष पर सूचना दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कारणों का पता लगाने में जुट गई। पूछताछ में पता चला कि सुमित्रा देवी और उनके पति प्यारे लाल बीती 13 नवम्बर की रात को खाने बाद वे अलग-अलग कमरे में सोने चले गए।
सुबह पता चला कि मृतका का शव गांव के पास एक पेड़ पर लटका हुआ है मृतका के पति प्यारे लाल को इसकी सूचना 14 नवम्बर की सुबह गांव की किसी महिला ने दी। प्यारे लाल ने तुरन्त मौके पर जाकर शव को पेड़ से उतारा और बेहोश समझकर कुछ ग्रामीणों के साथ घर लाया लेकिन तब तक सुमित्रा देवी दम तोड़ चुकी थी।
महिला के मायके से पिता गुणानन्द, भाभी मौके पर पहुंचे। मृतका की भाभी ने बताया कि सुमित्रा ने 14 नवम्बर सुबह तड़के लगभग 5 बजे फोन किया लेकिन बिना बात किए काट दिया। फिलहाल पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर मृतका के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए नई टिहरी जिला अस्पताल भेज दिया है। मृतका का पति होटल में नौकरी करता है, जो कल ही छुट्टी पर घर आया था।
मृतका का एक बेटा और बेटी है। मृतका का मायका टिहरी जनपद के प्रतापनगर के ओखलाखाल है। उसका का विवाह 2013 में हुआ था। अभी मायके की तरफ से अभी पुलिस को लिखित तहरीर नहीं मिली है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

