होम्योपैथिक अस्पताल के प्रभारी चिकित्साधिकारी मिले गायब, डीएम ने रोका वेतन
पौड़ी गढ़वाल, 20 नवंबर (हि.स.)।सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाओं के उचित रखरखाव और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए जिलाधिकारी ने होम्योपैथिक व एलोपैथिक स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने होम्योपैथिक चिकित्सालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पैठाणी की व्यवस्थाओं का जायज़ा लेते हुए चिकित्सकीय सेवाओं में सुधार और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। होम्योपैथिक चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी बिना पूर्व अनुमति के अवकाश पर मिले। इस पर जिलाधिकारी ने अनुपस्थिति व अवकाश व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया। उन्होंने बिना अनुमति के अवकाश पर जाने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी का स्पष्टीकरण करते हुए वेतन रोकने के निर्देश दिए व जिला होम्योपैथिक अधिकारी को सतत निगरानी के निर्देश दिए।
उन्होंने चिकित्सालय में उपलब्ध दवाओं, उनके स्टॉक और एक्सपायरी तिथि की भी जानकारी ली तथा दवाओं को स्टॉक रजिस्टर में व्यवस्थित रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जिलाधिकारी ने ओपीडी, जनरल वार्ड, महिला वार्ड, पैथोलॉजी लैब और लेबर रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य परीक्षणों की दर सूची प्रमुखता से चस्पा करने, बेडशीट नियमित रूप से बदलने के निर्देश दिए। दवाओं के रखरखाव और स्टॉक प्रबंधन को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि दवाओं की उपलब्धता, स्टॉक एंट्री और एक्सपायरी तिथि की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। इसमें लापरवाही पाए जाने पर संबंधित मेडिकल ऑफिसर और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी की जिम्मेदारी तय होगी। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि चिकित्सालयों में चिकित्सकों के अवकाश का निर्धारण रोस्टर के अनुसार किया जाए, जिससे किसी भी स्थिति में मरीजों को उपचार के लिए परेशान न होना पड़े। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव की कम संख्या पर भी जिलाधिकारी ने चिंता जताई।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रसव की संभावित तिथि वाली गर्भवती महिलाओं की सूची संबंधित चिकित्साधिकारी के पास अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहे।
जिलाधिकारी ने 108 आपातकालीन एंबुलेंस का भी निरीक्षण किया। एंबुलेंस में उपकरणों व दवाओं की उचित व्यवस्था न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित एंबुलेंस संचालक को नोटिस जारी करते हुए सीएमओ को जिले की सभी एम्बुलेंसों में तीन दिन के भीतर जांच प्रस्तुत कर आख्या देने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीएमओ डॉ मेघना असवाल, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, नायब तहसीलदार सुदामा सिंह रावत आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

