नशे से दूर रहकर ही विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सकते हैं युवा

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 26 अक्टूबर (हि.स.)। मेरा युवा भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) पौड़ी गढ़वाल की ओर से विकासखंड कल्जीखाल के सरस्वती शिशु मंदिर, घंडियाल में पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवी सूरज रावत ने युवाओं को माय भारत पोर्टल की जानकारी दी। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप सिंह और प्रवक्ता राजाराम ने नशे के दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए युवाओं को इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों, शिक्षा और समाजहित में लगानी चाहिए।

कार्यक्रम के तहत ‘नशामुक्त युवा’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में निम्मी ने प्रथम, रिद्धिमा ने द्वितीय और प्राची ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि एवं आरएसएस के सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश खंखरवाल ने कहा कि युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। युवाओं की दिशा ही देश का भविष्य तय करती है। उन्होंने कहा कि नशा शुरुआत में शौक लग सकता है, लेकिन धीरे-धीरे यह आदत बनकर व्यक्ति के करियर और परिवार को प्रभावित करता है। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा जागरूक, जिम्मेदार और नशामुक्त होगा।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि और उपस्थित अतिथियों को स्मृति भेंट देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवी सचिन, सूरज रावत और नंदिनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767050 Articles

Share this story