पेनाल्टी शूटआउट में ल्वाली ने मारी बाजी, फुटबाल का खिताब जीता

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 12 सितंबर (हि.स.)। जिला मुख्यालय स्थित रांसी स्टेडियम में आयोजित प्राथमिक शिक्षा की शरद एवं शीतकालीन ब्लाक स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। फुटबाल के रोमांचक फाइनल मुकाबले में ल्वाली संकुल ने ढांडरी को पेनाल्टी शूटआउट में 3-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

फुटबाल फाइनल में निर्धारित समय तक दोनों टीमें 2-2 गोल की बराबरी पर रहीं। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में ल्वाली की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 3-2 से जीत दर्ज की। ढांडरी को उपविजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा। प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी व टीमें अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी।

समापन दिवस की प्रतियोगिताओं का शुभारंभ मुख्य अतिथि गढ़वाल राइफल्स, लैंसडौन के ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक विकास के साथ ही उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता में ऊंची कूद बालक वर्ग में ढांडरी के प्रियांशु और बालिका वर्ग में चरधार की हर्षिता ने प्रथम स्थान हासिल किया। वॉलीबाल बालक वर्ग में ढांडरी विजेता और चरधार उपविजेता रहा। बैडमिंटन सिंगल में कनिका विजेता और सानवी उपविजेता रहीं। गोला फेंक जूनियर बालिका वर्ग में हर्षिता और बालक वर्ग में आयुष कुमार ने बाजी मारी।

प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर राजकीय जूनियर हाईस्कूल (पूमा) शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष भगत भंडारी, सुधीर लिंगवाल, उमा रौथाण, कमल उप्रेती, प्रवीन नेगी, जितेंद्र राय, कुलदीप सिंह, संजय पांडे, कुलदीप रावत, बसंती, रजनीश अणथ्वाल, प्रताप नेगी, प्रकाश रावत, आकांक्षा जोशी, सुशीला पंवार, अनिल रावत, राजेंद्र गुसाईं, देवेंद्र तिलवाल, निर्मला लिंगवाल, सुषमा बिष्ट, रीना पुंडीर आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story