जिला बार चुनाव की मतदान तिथि बदली, पहले दिन हुए 11 नामांकन

WhatsApp Channel Join Now
जिला बार चुनाव की मतदान तिथि बदली, पहले दिन हुए 11 नामांकन


नैनीताल, 25 मार्च (हि.स.)। जिला बार एसोसिएशन नैनीताल के चुनाव की तिथि में परिवर्तन हो गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेश चंदोला ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 30 मार्च को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने के कारण चुनाव तिथि में परिवर्तन किया गया है। अब जिला बार एसोसिएशन के लिये मतदान 1 अप्रैल को कराया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि इस चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया बुधवार से प्रारंभ हो गई है। पहले दिन विभिन्न पदों के लिए कुल 11 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी चंदोला ने बताया कि अध्यक्ष पद पर हरिशंकर कंसल एवं अरुण बिष्ट एवं सचिव पद पर संजय सुयाल एवं अनिल बिष्ट ने दो-दो सेट में नामांकन किया।

वहीं उपाध्यक्ष पद पर कमल चिलवाल एवं प्रमोद तिवाड़ी, संयुक्त सचिव पद पर नीरज गोस्वामी और कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए प्रेमा आर्या, तारा आर्या, निर्मल कुमार तथा मोहम्मद बिलाल ने नामांकन पत्र जमा किए। उल्लेखनीय है कि विभिन्न पदों के लिए कुल 19 नामांकन फार्म खरीदे गये हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 27 मार्च निर्धारित की गई है।

इसके बाद 28 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी की प्रक्रिया तथा मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 27 मार्च को प्रताप भैया सभागार में प्रातः 11 बजे से आम सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी प्रत्याशी अपने विचार, योजनाएं एवं प्राथमिकताएं अधिवक्ताओं के समक्ष प्रस्तुत करेंगे और संवाद का अवसर मिलेगा। इस दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रमोद बहुगुणा, शंकर चौहान, मुकेश कुमार एवं शिवांशु जोशी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story