पौड़ी में बोर्ड परीक्षा के अव्वल छात्रों को किया सम्मानित
पौड़ी गढ़वाल, 11 जुलाई (हि.स.) राजकीय इंटर कालेज क्यार्क में बोर्ड परीक्षा में अव्वल छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान अव्वल छात्र-छात्राओं को आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान शंकर नौटियाल ने हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा में प्रथम और द्वितीय श्रेणी पाने वाले छात्र-छात्राओं को को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। समारोह के दौरान हाईस्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 6, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले 2 और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले 3 विद्यार्थियों सहित कुल 11 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
वहीं, इंटरमीडिएट में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 19 और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले 3 विद्यार्थियों सहित कुल 22 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान शंकर नौटियाल ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता का सबसे मजबूत आधार है और ऐसे सम्मान विद्यार्थियों को आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय पंवार ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि स्कूल के छात्र लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

