विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं, तय समयसीमा में पूरी हों परियोजनाएं: बिष्ट

WhatsApp Channel Join Now

हल्द्वानी , 06 अक्टूबर (हि.स.)। शहर में चल रही विकास परियोजनाओं की रफ्तार तेज करने और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए महापौर गजराज बिष्ट ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

यूयूएसडीए के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में महापौर ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति और निर्धारित समयसीमा की जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूरा किया जाए।बैठक में प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह सहित सहायक अभियंता मौजूद रहे।

महापौर ने नगर में संचालित विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए व सभी परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं।

महापौर ने कहा कि विकास कार्यों का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। निर्माण कार्यों के दौरान आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को विशेष ध्यान देना होगा।

उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हल्द्वानी में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंचे और शहर के विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story