ओखलकांडा के विद्यालय में बच्चों की पिटाई का वीडियो वायरल

WhatsApp Channel Join Now
ओखलकांडा के विद्यालय में बच्चों की पिटाई का वीडियो वायरल


नैनीताल, 05 नवंबर (हि.स.)। नैनीताल जनपद के भीमताल विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ ओखलकांडा विकास खंड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज डालकन्या भोलापुर में बच्चों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश है।

विद्यालय की प्रार्थना सभा के दौरान का बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इसमें कथित तौर एक शिक्षक छोटे बच्चों की पिटाई करते और एक अन्य शिक्षिका एक छात्रा की गर्दन के ऊपरी हिस्से पर हाथ से प्रहार करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच व संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि अनुशासन के नाम पर बच्चों के साथ शारीरिक दंड और इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। इसके विरोध में स्थानीय लोगों ने धरना-प्रदर्शन कर शिक्षा विभाग और प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग की जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मामले को उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी गंभीरता से लिया है। आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार ने विद्यालय पहुंचकर निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से बातचीत कर प्रकरण की जानकारी ली। इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में शिक्षा विभाग को जांच के लिए नोडल विभाग बनाया गया। जांच दल में ओखलकांडा की खंड शिक्षा अधिकारी सोहलिता नेगी, भीमताल की खंड शिक्षा अधिकारी कैना चौहान सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को शामिल किया गया है। आयोग ने जांच दल को 10 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं।

समीक्षा बैठक में शिक्षा विभाग, नैनीताल बाल कल्याण समिति, जिला प्रोबेशन अधिकारी के प्रतिनिधि, बाल कल्याण पुलिस इकाई, मानव तस्करी निरोधक पुलिस दल, चाइल्डलाइन समन्वयक, खनस्यू पुलिस व विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य और शिक्षक उपस्थित रहे। आयोग ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा, गरिमा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बच्चों के साथ मारपीट, उत्पीड़न अथवा उनकी पढ़ाई बाधित करने की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772807 Articles

Share this story