कुमाऊं, अल्मोड़ा व उत्तराखंड मुक्त विवि के कुलपतियों ने राज्यपाल से की बैठकें

WhatsApp Channel Join Now
कुमाऊं, अल्मोड़ा व उत्तराखंड मुक्त विवि के कुलपतियों ने राज्यपाल से की बैठकें


नैनीताल, 19 मई (हि.स.)। उत्तराखंड के राज्यपाल सेवानिवृत्त ले. जनरल गुरमीत सिंह ने मंगलवार को लोक भवन नैनीताल में कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत, उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी तथा सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट के साथ अलग-अलग बैठक कर विश्वविद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, शोध, नवाचार एवं विद्यार्थियों के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। कुलपतियों ने राज्यपाल को विश्वविद्यालयों में संचालित शैक्षणिक कार्यक्रमों, कौशल विकास गतिविधियों, अनुसंधान कार्यों तथा रोजगारोन्मुख शिक्षा से संबंधित प्रयासों की जानकारी दी।

राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा देने पर बल देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को आधुनिक तकनीक, स्टार्टअप, उद्यमिता और कौशल विकास से जोड़कर रोजगार प्राप्त करने के साथ रोजगार सृजन के लिए भी सक्षम बनाया जाना चाहिए। राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों को समाज से जोड़ने के लिए सामुदायिक सहभागिता आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने शैक्षणिक रिक्त पदों की स्थिति की जानकारी लेते हुए भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही विश्वविद्यालयों में अवस्थापना सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बुनियादी व्यवस्थाओं का मजबूत होना आवश्यक है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story