स्थानीय संसाधनों से स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनें युवा और महिलाएं: कुलदीप

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 05 जुलाई (हि.स.)। सेवा, सुशासन एवं समर्पण-जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत सेवा पखवाड़े के दूसरे दिन रविवार को विकासखंड पौड़ी सभागार में जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई व पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।

रविवार को आयोजित शिविर में मुख्य अतिथि उत्तराखंड खेल परिषद के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री कुलदीप बुटोला ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेशभर में संचालित यह अभियान शासन और जनता के बीच की दूरी कम करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

मुख्यमंत्री के जनसेवा के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा पखवाड़ा 19 जुलाई तक चलेगा, जिसमें लोगों को विभिन्न विभागों की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करायी जा रही हैं। सीडीओ अशोक जोशी ने कहा कि जनपद में कृषि, बागवानी और जैविक खेती की अपार संभावनाएं हैं। आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं के समंवय से किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख अस्मिता नेगी, किसान आयोग के सदस्य ओम प्रकाश जुगराण, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, बीडीओ दृष्टि आनंद, एबीडीओ दिनेश नेगी आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story