उत्तराखंड किसी एक दल ने नहीं बनाया, सभी ने मिलकर बनाया: नेता प्रतिपक्ष
उत्तराखंड रजत जयंती पर विशेष सत्र में नेता प्रतिपक्ष ने रखी अपनी बातनिरकुंश अधिकारी और कर्ज में डूबा राज्य,पलायन सबसे बड़ी चिंता: आर्य
देहरादून, 3 नवंबर (हि.स.)। उत्त्रखंड राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित विधानसभा के विशेष सत्र में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड किसी एक दल ने नहीं बनाया है, बल्कि सबने मिलकर बनाया है। इस 25 वर्ष की विकास यात्रा को पहाड़ के नजरिये से देखना होगा। राज्य में अधिकारी निरकुंश हो गए हैं और राज्य कर्ज में डूबा हुआ है। सरकार ने आय बढ़ाने की कोशिश नहीं की। राज्य से लगातार पलायन बेहद चिंता का विषय है।
सोमवार को विधानसभा में भोजनावकाश के बाद नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने अपनी बात रखते हुए कहा कि सबको उम्मीद थी कि अब सपने सच होंगे। सबको खुशी थी कि हमने एक महत्वपूर्ण धरोहर पा ली है। लेकिन हमें अतीत के पन्नों को पलटना होगा। इसमें किसी दल, धर्म का योगदान नहीं था। सबने उत्तराखंड बनाने का संकल्प लिया था। 25 वर्षों की विकास यात्रा में कई उतार चढ़ाव भी देखने को मिले। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में अधिकारी बेलगाम हो गए हैं। शराब माफिया, भू माफिया का अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है। जनप्रतिनिधि व मंत्रियों के फोन नहीं उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत चुनाव में नैनीताल में हमारे छह सदस्यों को बंदूक के बल उठा लिया जाता है और हम पर ही मुकदमे दर्ज हो जाते हैं। हमने नैनीताल के एसएसपी को सस्पेंड करने की मांग की थी। डीएम को हटाने की मांग की थी। सरकार ऐसे अधिकारियों को संरक्षण देती है। वक्त आएगा और वक्त बदलेगा। सबका हिसाब किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इतिहास के पन्नो में श्रीनगर में कांग्रेस का अधिवेशन अंकित है। पंडित जवाहरलाल नेहरू आये थे और तत्कालीन नेता प्रताप सिंह नेगी, नरेंद्र सिंह बिष्ट या राजा मानवेन्द्र शाह ने अलग जगहों पर उत्तर प्रदेश से अलग होने के लिए संघर्ष किया था। दिल्ली में भी प्रदर्शन भी हुए थे। जो समिति बनी, उसके संयोजक हरीश रावत बने। तीन राज्यों के गठन के लिए संसद की जो समिति बनी, उसमें पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी का विशेष योगदान रहा। कलकत्ता अधिवेशन में छोटे राज्यों के गठन का प्रताव पारित किया गया। पूर्व प्रधानमंत्री देवगौड़ा ने लाल किले की प्राचीर से उत्तराखंड अलग राज्य की घोषणा की थी, जिसमें पंडित नारायण दत्त तिवारी का अहम योगदान है। तब मसौदा भी तैयार हो गया था, लेकिन राजनीतिक कारणों से ये संसद से पारित नहीं हो पाया।
नेता प्रतिपक्ष ने कह कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में अलग तेलंगाना राज्य का भी आंदोलन चल रहा था। 25 जुलाई को उत्तर प्रदेश विधानसभा से प्रदेश पुनर्गठन विधेयक पारित हुआ लेकिन केंद्र में अटल सरकार के पास बहुमत नहीं था। उनकी सरकार इस विधेयक को पारित नहीं करा सकती थी। तब सोनिया गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के 112 सदस्यों ने समर्थन दिया और ये विधेयक पारित हुआ। उन्होंने कहा कि तीर्थ नगरी ऋषिकेश, यमुनोत्री में शराब की दुकान खुल रही हैं।
डबल इंजन की सरकार, कर्ज में डूबा उत्तराखंड
उन्होंने कहा कि सरकार ने आय बढ़ाने के कोई ठोस उपाय किए। 2017 में 40,000 करोड़ का कर्ज, वर्ष 2025 में एक लाख करोड़ पार हो गया। हर माह 200 से 300 करोड़ का कर्ज सरकार बाजार से ले रही है। 2016-17 में 19.50 फीसदी राजस्व वृद्धि दर थी, जो अब 11 रह गई है। हंगर इंडेक्स में हमारी हालात दयनीय हैं। प्रति व्यक्ति आय भी 1.73 लाख तक पहुंची थी जो अब ठहर सी गई है। इससे आगे नहीं बढ़ पाए। बेरोजगारी देश मे सर्वाधिक है। 1200 गांव वीरान हो चुके हैं। कई गांव घोस्ट विलेज घोषित हो चुके।
राज्य बनने के बाद 35 लाख कर चुके हैं पलायन
यशपाल आर्य ने कहा कि राज्य निर्माण के बाद से अब तक 35 लाख लोग पलायन कर चुके हैं। पलायन आयोग की रिपोर्ट यह बात रही है। 55% रोजगार, 15% शिक्षा, 10% लचर स्वास्थ्य सेवाओं की वजह से पलायन कर गए। आज भी 15 लाख बेरोजगार हैं और केवल एक लाख से ऊपर पद रिक्त हैं। भाजपा की सरकार ने बदरंगी तस्वीर बनाई है। नौजवान सड़कों पर हैं। उन्होंने कहा कि साल 2047 तक उत्तराखंड देश का श्रेष्ठ राज्य बनेगा लेकिन वो अभी बहुत दूर है।
एससी महिलाओं को यूसीसी से रखा बाहर
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अनुसूचित जनजाति की महिलाओं को यूसीसी से बाहर कर दिया गया। क्या वे प्रदेश के बाहर की थी। 4 फीसदी जनजाति यहां निवास करती है। क्या वो लैंगिक समानता की अधिकारी नहीं थी। दो जिलों के लिए भू कानून अलग और 11 जिलों के लिए अलग कानून। सरकार आपदा में पुनर्वास का आंकड़ा दे। क्या ये उत्सव मनाने का वक्त है। कॉमेडी शो हो रहे हैं और दिल्ली मुंबई से कलाकार आकर हास्य परिहास कर रहे हैं। ये उन पीड़ितों के आंसू पोंछने का समय था।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार

