स्वतंत्रता सेनानी कर्मवीर जयानंद भारती के भवन का होगा जीर्णोद्धार

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 18 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके अनुरोध पर विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के अंतर्गत विकासखंड बीरोंखाल के साबली, पंचपुरी में स्थित उत्तराखंड रत्न स्वतंत्रता सेनानी और समाज सुधारक कर्मवीर जयानंद भारती से संबंधित भवन के जीर्णोद्धार को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने पर उनका आभार जताया है। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि विकासखंड बीरोंखाल के साबली, पंचपुरी में स्थित उत्तराखंड रत्न स्वतंत्रता सेनानी और समाज सुधारक कर्मवीर जयानंद भारती का प्रदेश के सामाजिक एवं ऐतिहासिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागेदारी निभाने के साथ साथ समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने, जनजागरण व सामाजिक समानता की स्थापना हेतु उल्लेखनीय कार्य किए। उनका जीवन एवं योगदान उत्तराखण्ड की अमूल्य ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर है। इसलिए उनके जीवन से संबंधित धरोहर का संरक्षण भी जरूरी है इसी बात को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अनुरोध किया था कि कर्मवीर जयानन्द भारती से संबंधित भवन वर्तमान में जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है

। इसलिए उक्त भवन का उचित रखरखाव एवं जीर्णोद्धार किया जाना आवश्यक है, जिससे इस ऐतिहासिक धरोहर को सुरक्षित रखा जा सके और भावी पीढ़ियों को उनके जीवन, संघर्ष एवं सामाजिक योगदान से परिचित कराया जा सके। मुझे खुशी है कि उन्होंने मेरे इस आग्रह को स्वीकार करते हुए लगभग 50 लाख की धनराशि से उक्त भवन के जीर्णोद्धार को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल कर क्षेत्रीय जनता का मान रखते हुए कर्मवीर जयानंद भारती जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि व्यक्त की है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762985 Articles

Share this story