उत्तराखंड में बारिश से 105 सड़कें बंद, बहाली में 721 मशीनें जुटीं
देहरादून, 02 अगस्त (हि. स.)। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सड़क संपर्क अभी भी प्रभावित है। राज्य में रविवार शाम तक एक राष्ट्रीय राजमार्ग, तीन राज्य राजमार्ग और दो मुख्य जिला मार्ग सहित कुल 105 सड़कें बंद हैं। मार्गों को खोलने के लिए संबंधित विभागों की 721 मशीनें राहत एवं बहाली कार्य में लगी हैं।
राज्य आपदा एवं सड़क प्रबंधन (एसआरएमडी) की रिपोर्ट के अनुसार, सर्वाधिक 23 सड़कें चमोली जिले में बंद हैं। इसके बाद पिथौरागढ़ में 22, रुद्रप्रयाग में 15, टिहरी में 11, उत्तरकाशी में 10, अल्मोड़ा में नौ, बागेश्वर में पांच, नैनीताल में चार और पौड़ी और देहरादून में तीन-तीन सड़कें बंद हैं। हरिद्वार, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों में सभी सड़कें यातायात के लिए खुली हैं।
रिपोर्ट के अनुसार बंद मार्गों में टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग, ऋषिकेश-धरासू-बरकोट (यमुनोत्री) राष्ट्रीय राजमार्ग, मयाली-गुप्तकाशी राज्य मार्ग सहित अनेक ग्रामीण संपर्क मार्ग शामिल हैं। संबंधित विभाग चरणबद्ध तरीके से मार्गों को खोलने और यातायात सामान्य करने में जुटे हुए हैं।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

