658 किलोमीटर की एमटीबी रेस ने कुमाऊं से गढ़वाल तक दिया एकता का संदेश, 18 राज्यों के 66 साइकिलिस्टों ने लिया हिस्सा
- गणेश जोशी ने अल्टीमेट उत्तराखण्ड हिमालयन एमटीबी चैलेंज के विजेताओं को किया सम्मानित
मसूरी, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड को साहसिक खेलों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित अल्टीमेट उत्तराखण्ड हिमालयन एमटीबी चैलेंज 2026 का गुरुवार को मसूरी में समापन हुआ। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने नगर पालिका के टाउन हॉल में आयोजित समापन समारोह में प्रतियोगिता के विजेताओं को ट्रॉफी और पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य और विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला प्रदेश है। ऐसे आयोजन राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में शीतकालीन पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के साइकिलिस्टों ने कुमाऊं से गढ़वाल तक 658 किलोमीटर की दूरी तय कर प्रदेश की एकता और सांस्कृतिक जुड़ाव का संदेश दिया है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से कम चर्चित पर्यटन स्थलों को भी पहचान मिलती है। साथ ही मार्ग में पड़ने वाले गांवों में होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार के अवसर बढ़ते हैं। सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड को वर्षभर साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पर्यटन को बढ़ावा देने और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद ने साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया। 20 नवंबर को नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर से शुरू हुई इस रेस का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया था। प्रतियोगिता में देश के 18 राज्यों के अलावा भारतीय थल सेना, वायु सेना और आईटीबीपी के कुल 66 साइकिलिस्टों ने हिस्सा लिया।
प्रतिभागियों ने मुक्तेश्वर, पिथौरागढ़, बागेश्वर, तिलवाड़ा, टिहरी और चिन्यालीसौड़ होते हुए छह चरणों में कुल 658 किलोमीटर की दूरी तय कर मसूरी में रेस पूरी की। कुमाऊं और गढ़वाल के 10 जिलों को जोड़ने वाली इस प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर साइकिलिस्टों का स्वागत किया।
समारोह में मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिनव शाह, उत्तराखण्ड होटल एसोसिएशन एवं मसूरी होटल एसोसिएशन के महासचिव मनिन्दर पाल सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

