मुख्यमंत्री ने उद्योग जगत से उत्तराखंड में सीएसआर निवेश बढ़ाने का किया आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने उद्योग जगत से उत्तराखंड में सीएसआर निवेश बढ़ाने का किया आह्वान


देहरादून, 10 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को उद्योग जगत से राज्य की विकास यात्रा में सहभागी बनने और कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत उत्तराखंड में अधिक निवेश करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कॉरपोरेट क्षेत्र की भागीदारी से राज्य के समग्र एवं सतत विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित 'उत्तराखंड सीएसआर डायलॉग' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में सीएसआर के तहत किया गया योगदान विशेष महत्व रखता है। उन्होंने राज्य में कार्यरत औद्योगिक समूहों से अपने सीएसआर फंड का अधिकतम उपयोग उत्तराखंड में ही करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि राज्य के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का साझा संकल्प है। कार्यक्रम के दौरान कौशल विकास, सड़क सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, ग्राम विकास और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए तथा कई नई परियोजनाओं की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक एवं पर्यावरणीय परिस्थितियां अन्य राज्यों से अलग हैं। ऐसे में राज्य को ऐसा विकास मॉडल चाहिए जो रोजगार सृजन, सामाजिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करे। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति में कॉरपोरेट जगत का अनुभव और संसाधन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

धामी ने कहा कि वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में राज्य को 3.56 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने सिंगल विंडो सिस्टम सहित 30 से अधिक उद्योग समर्थक नीतियां लागू कर निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और पारदर्शी व्यवस्था का लाभ उद्योगों को मिल रहा है। सरकार उत्तराखंड को देश के अग्रणी निवेश अनुकूल राज्यों में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के दौरान हुंडई, लर्नेंट–इन्फोसिस फाउंडेशन, ओएनजीसी, आईटीसी, महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी लिमिटेड, आदित्य बिरला कैपिटल, फिनोलेक्स और पैनासोनिक सहित विभिन्न संस्थाओं के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, प्रमुख सचिव आर.के.सुधांशु, सचिव विनय शंकर पांडेय, सिडकुल के प्रबंध निदेशक डॉ. सौरभ गहरवार, अपर सचिव मनमोहन मैनाली अन्य अधिकारी मौजूद थे।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story