गाय को राष्ट्र और राज्य माता का दर्जा देने की मांग को लेकर नई टिहरी में रैली

WhatsApp Channel Join Now

नई टिहरी, 27 जुलाई (हि.स.)। गाय को राष्ट्र और राज्य माता का दर्जा देने की मांग को लेकर सोमवार को नई टिहरी में गो सम्मान अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन भेजा।

गो संरक्षण अभियान से जुड़े लोगों ने डाइजर से कलेक्ट्रेट तक ढोल-दमाऊं के साथ रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने गाय के संरक्षण, संवर्धन और भारतीय संस्कृति में उसके महत्व को बनाए रखने के लिए केंद्र और राज्य सरकार से गाय को राष्ट्र और राज्य माता घोषित करने की मांग की।

जिले के गो सांसद अनुसूया प्रसाद उनियाल ने कहा कि गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग को लेकर गो भक्त लंबे समय से जनजागरण अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, ग्राम्य अर्थव्यवस्था, कृषि, पर्यावरण और लोक जीवन की आधारशिला रही है।

उन्होंने कहा कि गो सम्मान अभियान का उद्देश्य गोमाता का संरक्षण और संवर्धन करने के साथ भारतीय संस्कृति में गाय के गौरवपूर्ण स्थान को बनाए रखना है। विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे लोगों ने सरकार से इस मांग पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की।

इस अवसर पर विवेक सकलानी,विनीता उनियाल,रश्मि सकलानी,शिव प्रसाद उनियाल,सीता मनवाल,सरोप सिंह, दिनेश रावत, मनोरमा गुसाईं, पुष्पा धनाई, रागिनी भट्ट और सरोजनी चमोली सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story