उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में 2.15 लाख से अधिक परीक्षार्थी, इंटर में चित्रकला से शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में 2.15 लाख से अधिक परीक्षार्थी, इंटर में चित्रकला से शुरुआत


नैनीताल, 21 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाएं शनिवार से प्रदेशभर में शुरू हो गईं। पहले दिन इंटरमीडिएट में ड्राइंग एवं पेंटिंग (चित्रकला) विषय की परीक्षा आयोजित की गई। इस वर्ष कुल 2,15,252 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, जिनमें हाईस्कूल के 1,12,266 तथा इंटरमीडिएट के 1,02,986 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। परीक्षाएं प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित होंगी।

परीक्षाओं को नकलविहीन एवं पारदर्शी बनाने के लिए शिक्षा विभाग और बोर्ड प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित संकलन हेतु प्रदेश में 39 संग्रह केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें कुमाऊं मंडल में 13 और गढ़वाल मंडल में 26 केंद्र शामिल हैं। औचक निरीक्षण के लिए बोर्ड स्तर पर तीन सचल दल गठित किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर निषेधाज्ञा प्रभावी की गई है, ताकि परीक्षा की शुचिता बनी रहे।

नैनीताल जनपद मुख्यालय में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नैनीताल को एकमात्र परीक्षा केंद्र बनाया गया। यहां पंजीकृत 25 में से 24 छात्राएं परीक्षा में शामिल हुईं। इस केंद्र पर कुंदन लाल ट्रस्ट नगर पालिका इंटर कॉलेज ऐशडेल, बिशप शॉ इंटर कॉलेज तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की परीक्षार्थियों ने चित्रकला की परीक्षा दी। प्रधानाचार्य शबनम अहमद ने बताया कि छात्राओं में उत्साह रहा। नम्रता चंद्रा, खुशबू आर्य और निहारिका सिंह सहित कई छात्राओं ने प्रश्नपत्र को सरल बताया। कोतवाल हेम पंत के अनुसार केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।

भीमताल में इंटरमीडिएट कला वर्ग की परीक्षा में 218 संस्थागत और 12 व्यक्तिगत अभ्यर्थियों सहित कुल 230 परीक्षार्थी शामिल हुए। जिला शिक्षा अधिकारी पुष्कर लाल टम्टा ने परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न होने की जानकारी दी। जिले में इंटरमीडिएट के 106 और हाईस्कूल के 108 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 38 केंद्र संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं।

इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 21 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक तथा हाईस्कूल की परीक्षाएं 23 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story