जनता मिलन में अफसरों को गिनाई समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
जनता मिलन में अफसरों को गिनाई समस्याएं


पौड़ी गढ़वाल, 29 जून (हि.स.)। जनता मिलन कार्यक्रम में फरियादियों ने क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर, खस्ताहाल सड़क, पेयजल किल्लत की समस्या बताई। इस दौरान 25 शिकायते दर्ज की गई। सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में ग्राम स्वीत की उषा देवी ने क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर के पुनर्निर्माण, स्वीत-गहड़ मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग उठाई। नगर पालिका पौड़ी के वार्ड-4 के राजेंद्र शाह, ग्वाड़ निवासी महावीर सिंह, जसकोट के भीम सिंह रावत व धूलेत के ग्रामीणों ने पेयजल समस्या की शिकायत की।

नगरपालिका सभासद अरविंद रावत ने पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर डीएवी स्कूल के समीप सड़क के ऊपर झुके पेड़ से संभावित दुर्घटना की आशंका व्यक्त की। वहीं, भैंसवाड़ा निवासी राजपाल सिंह रावत ने वनाग्नि में क्षतिग्रस्त फलदार पेड़ों के मुआवजे की मांग की। सामाजिक कार्यकर्ता त्रिलोक सिंह रावत ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 में संशोधन की मांग की।

उन्होंने बाजार में फल एवं सब्जी विक्रेताओं द्वारा रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने की भी मांग की। एडीएम एफआर चौहान ने संबंधित अफसरों को जल्द ही समस्याएं हल करने के निर्देश दिए। इस मौके पर डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, एसडीएम गौरी प्रभात, सीएमओ डा. शिव मोहन शुक्ला, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story