विदेशों में रोजगार के लिए वैधानिक माध्यमों का ही उपयोग करेंः मालविका

WhatsApp Channel Join Now

नई टिहरी, 26 सितंबर (हि.स.)। विदेश में रोजगार पाने के इच्छुक युवाओं को अवैध एजेंटों की धोखाधड़ी और फर्जी रोजगार के प्रस्ताव से सावधान रहने की अपील की गई है। उन्हें विदेश में रोजगार पाने के लिए हमेशा सुरक्षित और वैधानिक माध्यमों का ही उपयोग करने की सलाह दी गई है। बाहर रोजगार के लिए www.emigrate.gov.in (ई-नागरिक पोर्टल) पर लॉगिन कर पासपोर्ट और वीजा संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी मालविका प्रियदर्शनी ने बताया कि विदेश रोजगार दिलाने के नाम पर ठगी के कई मामले सामने आ रहे हैं। इस स्थिति में बाहर रोजगार पाने के इच्छुक युवाओं को सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अवैध एजेंटों और फर्जी रोजगार से बचने के लिए रोजगार संबंधी सूचनाएं वैध माध्यम से लेकर सुरक्षित रहा जा सकता है।

उन्होंने बताया कि विदेश मंत्रालय की ओर से विदेशी रोजगार (वर्क वीजा, वर्क परमिट आदि) के लिए लोगों को जागरुकता किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए- www.emigrate.gov.in (ई-नागरिक पोर्टल) पर लॉगिन कर पासपोर्ट वीजा संबंधी जानकारी प्राप्त कर पंजीकरण और रिक्रूटमेंट की ऑनलाइन सूचना प्राप्त करने और रोजगार सेवाएं वैध माध्यम से ही लेनी चाहिए।

पासपोर्ट अधिकारी के अनुसार ईसीआर श्रेणी के पासपोर्ट धारकों को 18 ईसीआर देशों में रोजगार के लिए प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेट्स (प्रवासी संरक्षक) से आवश्यक प्रमाणपत्र/क्लीयरेंस प्राप्त करना अनिवार्य है। विदेश में रोजगार से संबंधित समस्या होने पर ई-माईग्रेशन पोर्टल से मदद मांगी जा सकती है। किसी प्रकार की मदद के लिए प्रवासी भवन देहरादून के टोल फ्री नंबर 1800-11-3090, एमएसए हेल्पलाइन 7428321144 और ई-मेल helpline@emsa.gov.in से जानकारी ली जा सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story