भतकोट में गुलदार का आतंक: मासूम बच्चे को बनाया निवाला, पीड़ित परिवार से मिले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

WhatsApp Channel Join Now
भतकोट में गुलदार का आतंक: मासूम बच्चे को बनाया निवाला, पीड़ित परिवार से मिले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष


पौड़ी गढ़वाल, 04 अप्रैल (हि.स.)। जनपद पौड़ी के विकासखंड पोखड़ा के कोलागाड़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तिमली के भतकोट गांव में गुलदार द्वारा एक मासूम बच्चे को निवाला बनाए जाने की हृदय विदारक घटना सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

घटना की सूचना मिलने पर गणेश गोदियाल पीड़ित परिवार से मिलने उनके गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिजनों का हाल-चाल जाना और शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उनके साथ कांग्रेस के कई कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

गोदियाल ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में वन्यजीवों के बढ़ते हमलों को लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार सरकार और वन विभाग को चेताती रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की अनदेखी के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता की सुरक्षा के साथ ही कृषि और बागवानी पर भी खतरा मंडरा रहा है।

उन्होंने कहा कि कई निर्दोष लोगों की जान जा चुकी है और अनेक परिवारों को अपूरणीय क्षति उठानी पड़ी है, इसके बावजूद सरकार और वन विभाग संवेदनहीन बने हुए हैं। गोदियाल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने को मजबूर होगी।

कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए और क्षेत्र में वन्यजीवों के आतंक को रोकने के लिए प्रभावी रणनीति बनाई जाए। गोदियाल ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि उनकी आवाज सरकार तक मजबूती से पहुंचाई जाएगी और न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

इस मौके पर कांग्रेस नेता कबीन्द्र इस्टवाल, पूर्व प्रमुख सुरेंद्र सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य पूनम कैन्त्यूरा सहित कई लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story