(अपडेट) लालपुल बस हादसे में एक मजदूर की मौत, चार घायल
देहरादून, 23 जून (हि.स.)। देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में लालपुल के पास हुए सिटी बस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। इस घटना में घायल चार अन्य मजदूरों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि लालपुल के पास एक सिटी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि बस संख्या यूके-07-पीए-0287 अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई थी। दुर्घटना में फुटपाथ पर बैठे पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को महंत इंद्रेश अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान आहद (22) पुत्र शान, निवासी राजीवनगर चमनपुरी, पटेलनगर की मृत्यु हो गई। अन्य चार घायलों का उपचार जारी है। घायलों में रतन कुमार (45) निवासी बलिया, उत्तर प्रदेश, संजीत (32) निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार, सुखराज साहनी (59) निवासी दरभंगा, बिहार तथा मानसिंह शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला कि बस चालक अर्जुन (28) पुत्र भीम निवासी जाखन, राजपुर रोड की अचानक तबीयत खराब हो जाने के कारण बस अनियंत्रित हो गई। जिससे यह हादसा हुआ।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

