दुर्घटना के बाद मुआवजा देने से मुकरा यूपी का कार चालक, कोतवाली का घेराव
नैनीताल, 05 जून (हि.स.)। तल्लीताल-भवाली मार्ग पर हुई एक सड़क दुर्घटना के बाद घायल युवक को उपचार व्यय देने का आश्वासन देने वाला कार चालक बाद में अपने वादे से मुकर गया। इससे नाराज पीड़ित पक्ष एवं क्षेत्रवासियों ने कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बताया कि मामले में अभियोग दर्ज कर लिया गया है और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार बीते सप्ताह रात्रि लगभग 10.30 बजे सिवॉय होटल के समीप तल्लीताल फॉरेस्ट कंपाउंड निवासी हर्ष राणा मोटरसाइकिल से भवाली की ओर से नैनीताल आ रहे थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कार सवार मौके से चले गये।
घायल युवक को उपचार के लिए हल्द्वानी के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। बताया गया कि पुलिस ने बाद में संबंधित वाहन को अपने कब्जे में ले लिया था। उस समय दोनों पक्षों के बीच मौखिक रूप से यह सहमति बनी थी कि कार चालक घायल युवक के उपचार का खर्च वहन करेगा।
इसके बाद वाहन स्वामी को जाने दिया गया, लेकिन बाद में उसने किसी प्रकार की आर्थिक सहायता देने से इंकार कर दिया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर बुधवार को तल्लीताल कोतवाली में अभियोग दर्ज कराया गया।
इसके बाद फॉरेस्ट कंपाउंड क्षेत्र के लोग कोतवाली पहुंचे और आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को राहत दिलाने की मांग की। तल्लीताल के प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह ने बताया कि दुर्घटना के दिन दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात सामने आयी थी, इसलिए दोनों वाहनों को सुरक्षित खड़ा कराया गया था।
अब पीड़ित पक्ष की शिकायत मिलने पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

