बलिदानी टिकम सिंह की स्मृति में प्रतिमा का अनावरण

देहरादून, 3 अप्रैल (हि.स.)। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के अमर बलिदानी सहायक सेनानी (जी.डी.) टिकम सिंह नेगी की शहादत को नमन करते हुए गुरुवार को उनके पैतृक गांव राजावाला (तहसील विकासनगर) में नवनिर्मित स्मारक का लोकार्पण किया गया। बलिदान दिवस के अवसर पर उन्हें राजकीय सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर आईटीबीपी सीमांत मुख्यालय के महानिरीक्षक संजय गुंज्यादल, उत्तरी सीमांत मुख्यालय के महानिरीक्षक मनु महाराज, उप महानिरीक्षक पी.के. श्रीवास्तव, उप महानिरीक्षक सहदेव सिंह पुंडीर, विधायक सहसपुर इन्द्र सिंह कड़ाकोटी, मुख्यमंत्री प्रतिनिधि मनोज कड़ाकोटी, ग्राम प्रधान सुरेश पाल सिंह, सेनानी 23वीं वाहिनी पीयूष पुष्कहर सहित शहीद के परिजन एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।सेनानी पीयूष पुष्कहर ने कहा कि शहीद टिकम सिंह नेगी ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। कार्यक्रम में सीमांत मुख्यालय के महानिरीक्षक संजय गुंज्यादल एवं उत्तरी सीमांत मुख्यालय देहरादून के महानिरीक्षक मनु महाराज ने शहीद की प्रतिमा का अनावरण किया तथा उनकी धर्मपत्नी को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इसके पश्चात सभी ने अमर शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
-----
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pokhriyal