आपदा प्रभावित क्षेत्रों में 336 कार्यों के लिए 6.51 करोड़ मंजूर

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 13 नवंबर (हि.स.)। जनपद में आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों, पेयजल योजनाओं, सिंचाई नहरों और अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों की मरम्मत व पुनर्निर्माण के लिए जिला प्रशासन ने 6 करोड़ 51 लाख 8 हजार रुपये स्वीकृत किए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न विभागों के 336 कार्यों को मंजूरी दी है।

स्वीकृत धनराशि में राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) से 307 कार्यों के लिए 4.71 करोड़ और आपदा न्यूनीकरण निधि से 29 कार्यों के लिए 1.79 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इनमें सिंचाई खंड दुगड्डा के सर्वाधिक 106 कार्यों के लिए 1.72 करोड़ रुपये, जल संस्थान कोटद्वार के 45 कार्यों के लिए 64.80 लाख और सिंचाई खंड श्रीनगर के 18 कार्यों के लिए 28.80 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं विभिन्न पेयजल निगमों के 22 कार्यों के लिए 35.78 लाख रुपये दिए गए हैं।

लोक निर्माण विभाग के विभिन्न निर्माण एवं प्रांतीय खंडों के 23 कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा पीएमजीएसवाई के दो कार्यों के लिए 24 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं द्वारीखाल, यमकेश्वर, एकेश्वर, पोखड़ा, पौड़ी और बीरोंखाल समेत विभिन्न विकासखंडों में 119 कार्यों के लिए 1.91 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वीकृत कार्यों से आपदा प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त बुनियादी सुविधाओं को बहाल करने में मदद मिलेगी। पेयजल, सिंचाई और सड़क जैसी जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त करने के साथ ही सार्वजनिक परिसंपत्तियों को दोबारा उपयोग योग्य बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि आपदा में प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा भी दिया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776257 Articles

Share this story