लोकगीतों और गीत-नाट्य से ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी
पौड़ी गढ़वाल, 28 सितंबर (हि.स.)। गांव की चौपाल में लोकगीतों की धुन और गीत-नाट्य की प्रस्तुति के बीच ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। सेवा संकल्प अभियान के तहत सूचना विभाग के पंजीकृत सांस्कृतिक दल गांव-गांव पहुंचकर लोक संस्कृति के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चला रहे हैं।
इसी क्रम में पराज सांस्कृतिक संस्था के कलाकारों ने विधानसभा चौबट्टाखाल के गडरी गांव समेत विभिन्न ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कलाकारों ने लोकगीत और गीत-नाट्य के जरिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और मिलने वाले लाभों की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई। साथ ही योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री भी वितरित की गई।
कलाकारों ने ग्रामीणों से पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और संबंधित विभागों से जानकारी लेने की अपील की। स्थानीय भाषा और लोक संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियों के कारण कार्यक्रम ग्रामीणों के लिए मनोरंजक होने के साथ ही जानकारीपरक भी रहे।
दल प्रमुख प्रेम वल्लभ पंत ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे माह जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में सांस्कृतिक दलों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम छोर तक पहुंचाने और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ना है।
कार्यक्रम में कुलदीप कुमार, धन सिंह रावत, दीपक खंतवाल, सोनम डोभाल, काव्यांजलि ध्यानी सहित ग्रामीण और अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

