1200 से अधिक छात्र-छात्राओं तक पहुंची जागरुकता
पौड़ी गढ़वाल, 19 अप्रैल (हि.स.)। बाल विवाह रोकथाम हेतु व्यापक जन-जागरूकता अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संयुक्त तत्वावधान में विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को उनके अधिकारों, संबंधित कानूनों एवं सुरक्षा तंत्र के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अब तक अभियान के अंतर्गत 1200 से अधिक छात्र-छात्राओं को जागरूक किया जा चुका है।
अभियान के प्रथम चरण में यमकेश्वर एवं पाबौ क्षेत्र के विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 तथा इसके दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। द्वितीय चरण में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, श्रीनगर तथा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जानकीनगर कोटद्वार में बाल विवाह, पॉक्सो अधिनियम 2012 एवं किशोर न्याय अधिनियम 2015 पर संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही तृतीय चरण में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, थलनदी (यमकेश्वर) एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, त्रिपालीसैंण में छात्राओं को बाल अधिकारों, सुरक्षा सेवाओं एवं कानूनों की जानकारी देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
अभियान के दौरान बाल विवाह के दुष्परिणाम, बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006, पॉक्सो अधिनियम 2012, किशोर न्याय अधिनियम 2015 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 जैसे विषयों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। जिला परिवीक्षा अधिकाफ़री अरविंद कुमार ने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक कुरीति है, जिसे समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही इस कुप्रथा के उन्मूलन का सबसे प्रभावी माध्यम है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

