जीबीपीआईईटी में फ्रेशर्स पार्टी में दिखा प्रतिभा का जलवा

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 02 अक्टूबर (हि.स.)।गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (जीबीपीआईईटी) में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर्स एवं वेलकम पार्टी का आयोजन किया गया। स्टूडेंट एक्टिविटी सेल (एसएसी) के तत्वावधान में 30 सितंबर को स्नातकोत्तर और एक अक्तूबर को स्नातक विद्यार्थियों के लिए कार्यक्रम आयोजित हुए। महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक, रचनात्मक और मनोरंजक प्रस्तुतियों से खूब रंग जमाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) वीके बंगा ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें संस्थान की शैक्षणिक परंपराओं, अनुशासन और उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच, अनुशासन और आपसी सहयोग के साथ संस्थान की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया।

फ्रेशर्स कार्यक्रम में रैंप वॉक, ‘मीट जीबीपीआईईटी’, एंटी-रैगिंग एवं विद्यार्थी आचार संहिता से संबंधित संदेश, आइस ब्रेकर, ऑडियंस इंटरेक्शन, स्पॉटलाइट शोकेस और ब्रेनवेव चैलेंज जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। विभिन्न छात्र समूहों ने सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं।

प्रतियोगिताओं में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी के अपोलो समूह के इशांत खरोला को मिस्टर फ्रेशर और जैव प्रौद्योगिकी की जेनेसिस समूह की प्रियांशी बोरा को मिस फ्रेशर चुना गया। वहीं, ब्रांच गॉट टैलेंट प्रतियोगिता में कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग (एआईएमएल) के मैग्नम एआई समूह ने बाजी मारी।

कार्यक्रम में ‘वी आर वन’ के तहत जीबीपीआईईटी यूनिटी एक्टिविटी भी कराई गई। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में एकता, आपसी सहयोग और संस्थान के प्रति जुड़ाव की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम का समापन परिणामों की घोषणा, धन्यवाद ज्ञापन और सामूहिक फोटोग्राफ के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों के लिए लंच की व्यवस्था की गई।

स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए 30 सितंबर को आयोजित वेलकम पार्टी में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रमों का संचालन एसएसी की ओआईसी डॉ. प्रीति डिमरी एवं डॉ. एच. गोयल के निर्देशन में हुआ। एसएसी समन्वयकों डॉ. ओएल देवी, केडी नारायण, अश्वनी सैनी, डॉ. संदीप राणा, डॉ. एससी फुलारा, रजनी और डॉ. अमित कुमार की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिष्ठाता, संकाय सदस्य और कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story