जन प्रतिनिधियों की बात को अनसुनी करने वालों पर होगी कार्रवाई : महेन्द्र भट्ट

देहरादून, 19 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने विपक्ष के आरोपों पर कहा कि नौकरशाह जनता के साथ जनप्रतिनिधि सहित सबकी सुनेंगे। नजरअंदाज करने वाले अधिकारियों पर संवैधानिक दायरे पर बड़ी कार्रवाई सरकार करेगी।
पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में सभी नौकरशाहों को जनता और जनप्रतिनिधि दोनों के विषयों को गौर से सुनना और यथोचित कार्रवाई करनी पड़ेगी। जो अधिकारी ऐसा नहीं करेंगे उनको संवैधानिक दायरे में कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। इससे पहले भी सीएम धामी ने कई मौकों पर गलती करने वालों को समझाया भी है और जरूरत पड़ने पर दंड भी दिया है।
कांग्रेस विधायकों की ओर से मुख्य सचिव के खिलाफ विशेष अधिकार हनन के नोटिस के सवाल पर कहा कि यह समूचा प्रकरण विधानसभा के अधिकार क्षेत्र में आता है। लिहाजा इस पर किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया उचित नहीं है। हमें विश्वास है कि अध्यक्ष सभी पहलुओं को जांच कर इस प्रकरण में उचित कार्रवाई करेंगी।
भट्ट ने पार्टी सदस्यता अभियान को फर्जी करार देने वाले कांग्रेस अध्यक्ष माहरा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा, जिस कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी को उनके नेता प्रभारी नही मानते। जिसके प्रदेश अध्यक्ष को उनके ही कार्यकर्ता अध्यक्ष नही मानते, जहां प्रदेश में उनके संगठन का अता पता नही हो उससे फर्जी और क्या हो सकता है।
उन्होंने मीडिया में चल रही चर्चाओं पर विराम लगाते हुए कहा कि सदस्यता सूची में प्रकाशन और अन्य तकनीकी दिक्कतों के चलते कुछ देरी होती थी। लिहाज़ा अब नवीन प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल सदस्यता सूची तैयार करने में हो रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार/राजेश
हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्वाइन करने के लिये यहां क्लिक करें, साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लिये यहां क्लिक करें।