पूर्व राज्यपाल एमएम लखेड़ा के निधन पर राज्यपाल व सैनिक कल्याण मंत्री ने शोक व्यक्त किया

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व राज्यपाल एमएम लखेड़ा के निधन पर राज्यपाल व सैनिक कल्याण मंत्री ने शोक व्यक्त किया


देहरादून, 30 जून (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने मिजोरम व पुडुचेरी के पूर्व राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल एमएम लखेड़ा के निधन पर आज देहरादून स्थित उनके आवास पर पहुंचकर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वहीं व सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने भी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

राज्यपाल ने शोकाकुल परिवारजनों से भेंट कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि लेफ्टिनेंट जनरल लखेड़ा का राष्ट्रसेवा, सैन्य नेतृत्व व सार्वजनिक जीवन में योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

वहीं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने लखेड़ा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि ले. जनरल लखेड़ा का निधन राष्ट्र, भारतीय सेना व उत्तराखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने लंबे सैन्य जीवन में उत्कृष्ट नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा व राष्ट्रसेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी कहा कि उत्तराखंड सहित पूरा देश उनके योगदान को सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ स्मरण करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story