सरकारी भूमि पर दफनाने का आरोप,घर के अंदर बनाई मजार, प्रशासन ने शुरू की जांच
रुद्रपुर, 07 मई (हि.स.)। उधमसिंहनगर ज़िले के रुद्रपुर के खेड़ा क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की सूचना के बाद पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों के सामने एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। आरोप है कि सरकारी भूमि पर कब्जा जमाने के उद्देश्य से एक व्यक्ति ने अपने पिता को घर के अंदर दफनाकर वहां मजार का स्वरूप दे दिया।
सूचना मिलने पर महापौर विकास शर्मा, एडीएम पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, अब्बास नामक व्यक्ति पर आरोप है कि उसने सरकारी भूमि पर स्थित मकान के भीतर अपने पिता को दफनाया और बाद में उस स्थान को मजार का रूप देने का प्रयास किया। यह भी आरोप है कि मजार को पुराना दिखाने के लिए उसे पन्नी से ढक दिया गया था, ताकि किसी को संदेह न हो।
मौके पर पहुंची टीम ने भूमि संबंधी अभिलेखों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण और निर्माण को लेकर विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी है।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का निधन हुआ था तो उसे निर्धारित कब्रिस्तान में दफनाया जाना चाहिए था। सरकारी भूमि पर इस प्रकार कब्जा करना गलत है और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना की जानकारी फैलने के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में चर्चाओं का माहौल बना रहा। प्रशासन ने मामले की जांच तेज कर दी है।
एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी किया जा रहा है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

