यूकेडी ने विधानसभा चुनाव में जुटने का किया आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
यूकेडी ने विधानसभा चुनाव में जुटने का किया आह्वान


पौड़ी गढ़वाल, 22 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड क्रांति दल द्वारा रविवार को कल्जीखाल ब्लाक के बिलखेत में महासदस्यता अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान यूकेडी के पदाधिकारियों ने कांग्रेस व भाजपा पर जमकर हमला बोला। कहा कि राज्यगठन के बाद भाजपा व कांग्रेस ने प्रदेश में राज किया लेकिन पहाड़ की भलाई के लिए किसी ने भी कुछ नहीं किया। अभियान में संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया। यूकेडी के पदाधिकारियों ने अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने पर जोर दिया।

रविवार को बिलखेत में आयोजित सम्मेलन में यूकेडी नेता केशनानंद आर्य ने भाजपा व कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। कहा कि राज्य बनने के बाद भाजपा व कांग्रेस की गलत नीतियों से प्रदेश का बहुत बड़ा नुकसान हुआ। यूकेडी के पदाधिकारियों ने कहा कि राज्यगठन में यूकेडी ने अपनी भागीदारी निभाई लेकिन आजतक आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड नहीं बन पाया है।

मूलनिवास को खत्म करते हुए बाहरी लोगों को यहां बसाने का काम किया गया जबकि यहां का युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में भटक रहा है। यूकेडी के पदाधिकारियों ने आने वाले विधानसभा चुनाव में सभी से सहयोग की अपील की। कहा कि पार्टी जिस भी कार्यकर्ता को टिकट देगी पूरी पार्टी एकजुट होकर उसको जिताने का काम करेगी। इस दौरान सभी ने कांग्रेस व भाजपा की गलत नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

यूकेडी के पदाधिकारियों ने पार्टी को बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करते हुए अभी से विधानसभा चुनाव में जुट जाने का आह्वान किया। इस मौके पर केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती, केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी पौड़ी समीर मुंडेपी, केंद्रीय उपाध्यक्ष शांति प्रसाद भटट, आशुतोष नेगी, सुनील कोटनाला, मूल निवास भू कानून प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष लुसून टोडरिया, युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय प्रवक्ता अरूण नेगी, केंद्रीय संगठन मंत्री यश नेगी, केंद्रीय सलाहकार यतेंद्र नवानी जिलाध्यक्ष पौड़ी अर्जुन नेगी, ब्लाक अध्यक्ष गौरव चंदोला, केशवानंद आर्य, गणेश काला आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story