एनसीसी महानिदेशक ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात, उत्तराखंड में विस्तार और आधुनिक ढांचे पर चर्चा
देहरादून, 6 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित उत्तराखण्ड निवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड में एनसीसी के विस्तार, सीमांत एवं दुर्गम क्षेत्रों तक इसकी पहुंच बढ़ाने तथा आधुनिक आधारभूत संरचना के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक में महानिदेशक ने अधिक से अधिक युवाओं को एनसीसी से जोड़ने के उद्देश्य से सीमावर्ती और दूरस्थ क्षेत्रों में नई एनसीसी इकाइयों के गठन एवं विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आधुनिक प्रशिक्षण अवसंरचना के विकास, प्रशिक्षण सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा प्रस्तावित एनसीसी अकादमी की स्थापना सहित भावी योजनाओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास, राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा-भाव को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में राष्ट्रीय चरित्र, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने वाला प्रतिष्ठित संगठन है, जिसकी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने राज्य में एनसीसी के विस्तार और प्रस्तावित आधारभूत संरचना विकास से जुड़ी सभी पहलों के लिए राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा, जिससे राज्य के युवाओं को नेतृत्व विकास, व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्रसेवा के अधिक अवसर मिलेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

