भाजपा एससी मोर्चा ने राहुल गांधी का पुतला दहन कर किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा एससी मोर्चा ने राहुल गांधी का पुतला दहन कर किया प्रदर्शन


देहरादून, 31 अगस्त (हि.स.)। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कथित विवादित बयानों के विरोध में प्रदर्शन करते हुए देहरादून समेत प्रदेश भर में उनका पुतला दहन किया।

मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलबीर घुनियाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस देश-दुनिया में देवभूमि को बदनाम कर उसकी छवि खराब करने का पाप कर रही है। इसको लेकर राज्य के सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन किया गया।

घुनियाल ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा देवभूमि उत्तराखंड के नागरिकों एवं भाजपा पर भ्रामक और झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं तथा उत्तराखंडवासियों को जातिवादी बताकर देश-दुनिया में बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे सैनिक बहुल उत्तराखंड की गरिमा को ठेस पहुंच रही है। यह वह राज्य है, जिसके वीर जवान देश की आन, बान और शान के लिए सदैव समर्पित रहे हैं तथा अनेक वीरों ने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के कथित षड्यंत्रपूर्ण एवं असत्य बयानों का मुंहतोड़ जवाब देने तथा उत्तराखंड की अस्मिता और गरिमा की रक्षा के लिए पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने कहा कि श्रीराम सेना धर्मार्थ न्यास की ओर से भी स्पष्ट किया गया है कि हल्द्वानी कार्यक्रम के पीछे किसी भी प्रकार की दलित विरोधी भावना नहीं थी। संस्था के अनुसार, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली में लगाए गए कथित नारों तथा कथित हिंदू विरोधी तत्वों की मौजूदगी के विरोध में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति के लिए धार्मिक एवं सामाजिक घटनाओं को भी राजनीतिक विवाद का रूप देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस से ऐसी राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश में भाईचारे, शांति, एकता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में कार्य करने की अपील की।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story