केंद्र सरकार से फार्म फेंसिंग के लिए 25 करोड़ रुपये स्वीकृत,फसलों की सुरक्षा के लिए बनेगी घेरबाड़

WhatsApp Channel Join Now
केंद्र सरकार से फार्म फेंसिंग के लिए 25 करोड़ रुपये स्वीकृत,फसलों की सुरक्षा के लिए बनेगी घेरबाड़


देहरादून, 23 मार्च (हि.स.)। केन्द्र सरकार ने उत्तराखंड में जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए फार्म फेंसिंग (घेरबाड़) के लिए 25 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। इस संबंध में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर राज्य सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने की जानकारी दी है। राज्य सरकार की ओर से किसानों के हित में फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के उद्देश्य से घेरबाड़ के लिए वित्तीय सहायता का अनुरोध किया गया था। इस पर केंद्र सरकार ने 25 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने इस सहयोग के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल प्रदेश के किसानों को जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान से राहत प्रदान करेगी। साथ ही,इससे कृषि उत्पादन को सुरक्षित और सुदृढ़ बनाने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा इस दिशा में केंद्र-राज्य समन्वय से सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story