युवा शक्ति के संकल्प से साकार होगा नशामुक्त उत्तराखंड: धन सिंह रावत

WhatsApp Channel Join Now
युवा शक्ति के संकल्प से साकार होगा नशामुक्त उत्तराखंड: धन सिंह रावत


देहरादून, 31 अगस्त (हि. स.)। विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि युवा शक्ति के दृढ़ संकल्प और जनभागीदारी से उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य साकार किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पित्थूवाला में सोमवार को आयोजित नशामुक्ति अभियान कार्यक्रम में डॉ. रावत ने छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी बाधक बनता है। इसलिए नशे के खिलाफ लड़ाई पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में 100 दिवसीय नशामुक्ति महाभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं तथा विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्ति का संकल्प दिलाया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि युवा प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा नशे के खिलाफ स्वयं आगे आएं और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को जागरूक करें तो अभियान को व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एक जागरूक युवा कई लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।

कार्यक्रम में धर्मपुर विधायक विनोद चमोली और लैंसडाउन विधायक महंत दिलीप रावत ने भी युवाओं से नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज, सचिव यूबीटीआर डॉ. मुकेश पाण्डेय, संयुक्त निदेशक देवेन्द्र गिरी, उप निदेशक एमके कन्याल, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पित्थूवाला के प्राचार्य अवनीश जैन सहित विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story